- भागने के दौरान पिकअप ने दूसरे बाइक सवार को भी रौंदा
Dhanbad News: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) देकर पत्नी के साथ घर लौट रहे सरकारी शिक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. रविवार को निरसा थाना क्षेत्र के गोपालगंज मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में शिक्षक अशरफ अली (36) की जान चली गई जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी खातून घायल हो गईं. घटना के बाद मौके से भागने की कोशिश में पिकअप चालक ने एक अन्य बाइक सवार अक्षय चक्रवर्ती को भी अपनी चपेट में ले लिया. इससे अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार अशरफ अली और उनकी पत्नी जाह्नवी खातून रविवार को धनबाद के सिटी पब्लिक स्कूल में आयोजित जेटेट की परीक्षा देने आए थे. परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से बराकर लौट रहे थे. इसी दौरान गोपालगंज मोड़ के पास पीछे से तेज गति से आ रहे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अशरफ अली को मृत घोषित कर दिया जबकि उनकी पत्नी का इलाज चल रहा है.
पदोन्नति की उम्मीद लेकर आए थे परीक्षा देने
बताया जाता है कि अशरफ अली मूल रूप से पश्चिम बंगाल के 24 परगना के निवासी थे. उनकी पोस्टिंग निरसा में सरकारी शिक्षक के पद पर थी, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी खातून पश्चिम बंगाल में कार्यरत थीं. दोनों बराकर में किराये के मकान में रहते थे. पदोन्नति के उद्देश्य से दंपती जेटेट की परीक्षा देने धनबाद आए थे. परीक्षा देकर लौटते समय हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया.
दूसरे बाइक सवार को मारी टक्कर
पहले हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भागने लगा. इसी दौरान रास्ते में उसने बाइक सवार अक्षय चक्रवर्ती को भी टक्कर मार दी. अक्षय टाइल्स और मार्बल का काम करते हैं.बताया जाता है कि वह खाना खाने के लिए अपने घर लौट रहे थे. दुर्घटना में उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं. उन्हें भी एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

