Dhanbad News: झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र स्थित अमलाबाद में शुक्रवार को जितिया पर्व का स्नान एक परिवार के लिए मातम में बदल गया. दामोदर नदी में स्नान करने गई 16 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घंटों की मशक्कत के बाद भी सोनाक्षी का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
युवती के डूबने के कई घंटे बाद भी प्रशिक्षित गोताखोरों के नहीं पहुंचने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बिरसा पुल पर आवागमन बाधित कर जाम लगा दिया. आक्रोशित लोगों की मांग थी कि प्रशासन को तत्काल विशेषज्ञ गोताखोरों को तैनात कर खोज अभियान में तेजी लानी चाहिए थी. सड़क जाम की सूचना मिलते ही सुदामडीह सहित कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भटिंडा फॉल से 5 प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम बुलाई है जो नदी में तलाश अभियान चलाएगी.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार सोनाक्षी मूल रूप से बिहार के आरा जिले की रहने वाली थी और लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी. शुक्रवार को वह परिजनों के साथ जितिया पर्व पर स्नान करने अमलाबाद स्थित दामोदर नदी पहुंची थी. स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और पानी के तेज बहाव में बहने लगी.
सोनाक्षी को डूबता देख उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े. नदी की धार तेज होने के कारण दोनों ही डूबने लगे. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अमन को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन सोनाक्षी पानी के तेज बहाव में बह गई.
घटना की सूचना मिलने पर सुदामडीह थाना की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से तलाश शुरू की. पुलिस ने मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी है और फिलहाल नदी में युवती का खोज अभियान जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

