Search

 
 
 

तेजस्वी यादव ने झारखंड में भरी हुंकार, बोले- इंडिया गठबंधन के साथ मजबूती के साथ खड़े

राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रांची पहुंचे तेजस्वी यादव ने राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी की ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया. कार्निवल बैंक्विट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
 

Ranchi: राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रांची पहुंचे तेजस्वी यादव ने राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी की ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया. कार्निवल बैंक्विट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

Uploaded Image

अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने कहा कि झारखंड की राजनीति में राजद को कोई नजरअंदाज नहीं किया सकता. उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और सीमित संसाधनों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही है. उन्होंने झारखंड चुनाव का जिक्र करते हुए बताया कि गठबंधन के तहत मिली 7 सीटों में से राजद ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की. उनका कहना था कि यदि और सीटें मिलतीं, तो पार्टी और बेहतर प्रदर्शन करती.

 

बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि वहां मशीन तंत्र और धन तंत्र का दुरुपयोग हुआ. इसके बावजूद जनता ने राजद पर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि 2020 में पार्टी को 1 करोड़ 70 लाख वोट मिले थे, जो 2025 में बढ़कर 1 करोड़ 90 लाख हो गए. उनके अनुसार यह 20 लाख वोट की बढ़ोतरी पार्टी की बढ़ती ताकत का संकेत है.

 

तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने की जिम्मेदारी मिली है और उनका लक्ष्य राजद को राष्ट्रीय पार्टी के रूप में स्थापित करना है. उन्होंने बताया कि पार्टी बिहार और झारखंड से बाहर भी विस्तार कर रही है और अन्य राज्यों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है.

 

विपक्षियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन राजद लालू प्रसाद यादव की विचारधारा पर आधारित पार्टी है और इसे कमजोर नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि किसी नेता के दूसरे दल में जाने से पार्टी पर असर नहीं पड़ता, क्योंकि जनता का भरोसा बना हुआ है.

 

उन्होंने जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों के जरिए दबाव बनाने की कोशिश पहले भी होती रही है, लेकिन राजद हर बार और मजबूत होकर सामने आया है. उन्होंने कहा कि यह पार्टी किसी के डराने या दबाव में आने वाली नहीं है.

 

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए हर कार्यकर्ता को रोज कम से कम एक घंटा पार्टी के काम में देना चाहिए. उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और जनता के मुद्दों के साथ खड़े रहने पर जोर दिया. उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश नेतृत्व जल्द ही सभी जिलों का दौरा करेगा और आने वाले समय में प्रमंडल स्तर पर बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी.

 

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिबू सोरेन के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि झारखंड में गठबंधन के साथ मजबूती से काम किया जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि राजद जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर आदिवासी समाज के साथ खड़ी है और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाता रहेगा. उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम में चुनाव लड़ रहे हैं, उसी तरह राजद भी केरल जैसे राज्यों में चुनाव लड़ रही है.

 

उन्होंने कार्यकर्ताओं से भविष्य की तैयारी करने की अपील की. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में परिसीमन के कारण सीटों की संख्या बढ़ सकती है, इसलिए संगठन को अभी से मजबूत करना जरूरी है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही