Ranchi News : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय की ओर से झारखंड के विद्यार्थियों के शैक्षणिक और अकादमिक हितों को ध्यान में रखते हुए टेली करियर काउंसलिंग की नई पहल शुरू की जा रही है.
इसे भी पढ़ें...
इसके तहत मंगलवार, 27 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक विद्यार्थी फोन के माध्यम से विशेषज्ञ से शैक्षणिक परामर्श प्राप्त कर सकेंगे. इस पहली काउंसलिंग में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर स्वयं विशेषज्ञ के रूप में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे.
विश्वविद्यालय के निदेशक जनसंपर्क डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड के किसी भी क्षेत्र के विद्यार्थी निर्धारित समय के दौरान 0651-2913013 पर संपर्क कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं. इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विषयों के चयन और भविष्य में करियर की संभावनाओं के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराना है.
टेली करियर काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. इसके साथ ही स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद सामाजिक विज्ञान और मानविकी सहित विभिन्न संकायों में उपलब्ध करियर विकल्पों को लेकर भी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे.
विश्वविद्यालय की इस पहल से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर से जुड़े सवालों के समाधान के लिए सीधे कुलपति से संवाद करने का अवसर मिलेगा. खासकर उन विद्यार्थियों को इससे लाभ मिलने की उम्मीद है, जो आगे की पढ़ाई, विषय चयन और रोजगार की संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन चाहते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

