Sahibganj : झारखंड के साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक में देर रात करीब दो बजे एक व्यक्ति के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी है. मृतक की पहचान 45 वर्षीय मुन्ना साह के रूप में हुई है और वह टेंट हाउस के मालिक थे. मुन्ना साह के बेटे ने पवन कुमार शाह और उसके साथी पर गोली मारने का आरोप लगाया है, जो पुलिस जवान हैं.
आरोपी जवानों में से एक बोकारो जिला बल में पदस्थापित है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों जवानों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें से एक धनबाद और दूसरा देवघर का रहने वाला है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, मुन्ना साह देर रात पूर्वी फाटक इलाके में थे. इसी दौरान अपराधियों ने उनके सिर पर गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल मुन्ना साह को तुरंत सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. मुन्ना साह की किस वजह से गोली मारकर हत्या की गई है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है. हालांकि शुरुआती जांच में आपसी विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
जल्द मामले का किया गया खुलासा : साहिबगंज एसपी
इस संबंध में साहिबगंज एसपी अमित कुमार ने कहा है कि जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया जाएगा. हत्या के आरोप में झारखंड पुलिस के दो जवानों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेजा जाएगा. उन्होंने फिलहाल गिरफ्तार पुलिस जवानों के नाम का खुलासा नहीं किया है. उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में जवानों के नामों का खुलासा कर दिया जाएगा.

