- अलकुशा जा रहे परिवार के तीन सदस्यों पर मधुमक्खियों ने किया हमला
- तीनों घायलों का SNMMCH में चल रहा इलाज
Dhanbad News : जिले में स्थित महुदा बस्ती के पास दामोदर नदी किनारे स्थित हीरक रोड पर बुधवार को मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया. इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्य समेत कुल पांच लोग घायल हो गए.
घायलों की पहचान सबा अहमद (29 वर्षीय), सुफियान अंसारी (सात वर्षीय) और नाजरीन परवीन (12 वर्षीय) के रूप में हुई है. तीनों एक ही परिवार के सदस्य हैं. सभी को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य बोकारो के अलकुशा बस्ती जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान मुर्लीडीह के पास दामोदर नदी किनारे हीरक सड़क मार्ग पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से तीनों को संभलने का मौका नहीं मिला.
मधुमक्खियों ने उनके शरीर के कई हिस्सों में डंक मारा, जिससे वे घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को किसी तरह घर पहुंचाया गया. इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच ले गए, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
इस घटना के दौरान दामोदर नदी के दूसरी ओर मौजूद दो अन्य लोग भी मधुमक्खियों के हमले की चपेट में आ गए. हमले में घायल होने के बाद दोनों अपने घर चले गए. दामोदर किनारे इस तरह मधुमक्खियों के हमले होने की खबर से इलाके में दहशत का माहौल है.

