New Delhi: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के 22वें संस्करण के लिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन का एक और मौका दिया है. CBSE की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, आवेदन पोर्टल 25 अगस्त 2026 से 1 सितंबर 2026 तक खुला रहेगा.
इसे भी पढ़ें:
CBSE ने बताया कि 22वें CTET के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले 11 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित की गई थी. अब वैसे पात्र अभ्यर्थी, जो पहले आवेदन नहीं कर सके थे, उनके हित में आवेदन पोर्टल दोबारा खोला गया है.
CBSE ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक फैसले में पात्र शिक्षकों को निर्धारित TET योग्यता हासिल करने की वैधानिक आवश्यकता पूरी करने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया था. इसी को ध्यान में रखते हुए पात्र उम्मीदवारों के लिए आवेदन का यह अतिरिक्त अवसर दिया गया है.
CBSE ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ही CTET 2026 के लिए अपना आवेदन सफलतापूर्वक पूरा कर जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है.
CTET के 22वें संस्करण की परीक्षा की संशोधित तारीख अभी घोषित नहीं की गई है. CBSE के अनुसार, आवेदन पोर्टल बंद होने के बाद परीक्षा की नई तारीख की घोषणा की जाएगी.
CBSE अब तक CTET के 21 संस्करण आयोजित कर चुका है. 21वें संस्करण का परिणाम 30 मार्च 2026 को घोषित किया गया था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

