Lagatar Desk : सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के उस आदेश को निरस्त कर दिया है, जिसमें वन विभाग के अधिकारियों को अवमानना का दोषी करार दिया गया था. इस फैसले के खिलाफ दायर अपील पर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायाधीश जॉयमाल्या बागची और न्यायाधीश वी मोहना की पीठ में सुनवाई हुई. सुनवाई के बाद पीठ ने हाईकोर्ट के आदेश को निरस्त कर दिया.
मामले की सुनवाई के दौरान अवमानना के दोषी करार दिये गये अधिकारियों की ओर से जांच एजेंसियों द्वारा जुटाये गये सबूत का हवाला दिया गया. इसमें यह कहा गया कि हाईकोर्ट ने जिन दस्तावेज के आधार पर इजहार हुसैन के पक्ष में फैसला दिया था, सभी फर्जी पाये गये. संबंधित दस्तावेज वन भूमि को हड़पने के लिए जासलाजी कर तैयार किया गया था.
इसके अलावा जमीन पर मालिकाना हक से जुड़े मुकदमें की सुनवाई में न्यायालय ने वन विभाग के पक्ष में फैसला दिया है. अदालत ने जमीन को वन भूमिक बताया है. सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट द्वारा वन विभाग के अधिकारियों के अवमानना का दोषी करार दिये जाने के फैसले को निरस्त कर दिया.
इसे भी पढ़ें
उल्लेखनीय है कि तेतुलिया वन भूमि घोटाले में छिड़ी कानूनी जंग के पहले दौर में इजहार हुसैन व अन्य के पक्ष में हाईकोर्ट ने फैसला दिया था. इसकी वजह हाईकोर्ट में सरकार द्वारा तेतुलिया की 103 एकड़ जमीन के वनभूमि होने से संबंधित दावे को साबित नहीं कर पाना था. राज्य सरकार ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी. लेकिन सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा.
इस बीच वन विभाग जमीन पर अपना दावा पेश करने के लिए सक्षम न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया. साथ ही पत्र लिख कर विवादित जमीन पर काम करने पर रोक लगाने का आदेश दिया. इस आदेश को उमायुष मल्टीकॉम ने झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी. मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव और न्यायाधीश दीपक रौशन की पीठ में हुई.
सुनवाई के बाद न्यायालय ने 27 फरवरी 2025 को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया. न्यायालय ने 17 अप्रैल 2025 को फैसला सुनाया. न्यायालय ने अपने फैसले में वन अधिकारी डी. वैंकटेश्वरला और रजनीश कुमार को न्यायालय के अवमानना का दोषी करार दिया. हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गयी.
सुनवाई के पहले दौर में सुप्रीम कोर्ट ने अपील पर फैसला होने तक हाईकोर्ट द्वारा अवमानना के मामले में दोषी करार दिये गये अधिकारियों के खिलाफ सजा सुनाने पर पाबंदी लगा दी. आज सुनवाई पूरी होने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश को खारिज कर दिया.

