Search

 
 
 

भाजपा ने झारखंड के 23 जिलों के नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों की सूची जारी की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन पर्व के तहत झारखंड के 23 सांगठनिक जिलों के नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों की सूची आज जारी कर दी.
 
  • महिला सशक्तिकरण और सामाजिक संतुलन पर जोर

Ranchi : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन पर्व के तहत झारखंड के 23 सांगठनिक जिलों के नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों की सूची आज जारी कर दी. यह सूची प्रदेश चुनाव अधिकारी, महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा द्वारा अधिकृत रूप से जारी की गई. 

 

उन्होंने बताया कि अलग-अलग जिलों में प्रदेश द्वारा नियुक्त चुनाव अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की देखरेख में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई गई है, जबकि शेष जिलों में चुनाव प्रक्रिया जारी है और जल्द ही वहां भी घोषणा की जाएगी.

 

डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद प्रदेश में संगठन पर्व की शुरुआत की गई थी. प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता अभियान के बाद मंडल एवं जिला स्तर पर संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई. इसी क्रम में आज 23 सांगठनिक जिलों में जिलाध्यक्षों का निर्वाचन पूरा किया गया है.

 

महिला सशक्तिकरण और सामाजिक प्रतिनिधित्व पर फोकस

भाजपा ने इस बार संगठन में महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया है. घोषित 23 जिलाध्यक्षों में 3 महिलाएं शामिल हैं. वहीं, नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों में 4 अनुसूचित जनजाति (ST) और 1 अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से हैं. इसके अलावा 8 जिलाध्यक्षों को दोबारा निर्वाचित किया गया है.

 

संगठनात्मक पुनर्गठन

प्रदेश संगठन की मजबूती के लिए पार्टी ने कई सांगठनिक बदलाव भी किए हैं. रांची ग्रामीण को पूर्वी और पश्चिमी, वहीं चक्रधरपुर और गिरिडीह ग्रामीण को अलग-अलग नए सांगठनिक जिलों के रूप में गठित किया गया है.

 

23 जिलों के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष

डॉ. वर्मा ने बताया कि जिन जिलों में जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं, उनमें दुमका से रूपेश मंडल, पाकुड़ से सरिता मुर्मू, जामताड़ा से सुमित शरण, देवघर से सचिन रवानी, गोड्डा से लक्ष्मी चक्रवर्ती, साहेबगंज से गौतम यादव, धनबाद (ग्रामीण) से मोहन कुंभकार, धनबाद (महानगर) से श्रवण राय, गिरिडीह (महानगर) से रंजीत कुमार राय, गिरिडीह (ग्रामीण) से महेंद्र वर्मा, हजारीबाग से विवेकानंद सिंह, चतरा से रामदेव भोक्ता, रामगढ़ से संजीव कुमार, रांची (महानगर) से वरुण साहू, रांची (पूर्वी) से विनय महतो धीरज, रांची (पश्चिमी) से नरेंद्र सिंह, गुमला से सागर उरांव, सिमडेगा से दीपक पुरी, पलामू से अमित तिवारी, लातेहार से बंशी यादव, चाईबासा से गीता बालमुचू, चक्रधरपुर से दीपक पासवान और सरायकेला-खरसावां से हरे कृष्ण प्रधान जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं.

 

वरिष्ठ नेताओं ने दी बधाई

रांची महानगर अध्यक्ष की घोषणा में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश शामिल हुए. वहीं अन्य जिलों में कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, रविंद्र कुमार राय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

 

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित अन्य नेताओं ने सभी नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को बधाई और शुभकामनाएं दीं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही