Ranchi News : वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा और जमशेदपुर के विनय राय के पार्थिव शरीर शनिवार को झारखंड लाये जायेंगे. शुक्रवार को वियतनाम में श्रद्धांजलि देने के बाद दोनों के शव भारत के लिए रवाना किये गये.
विनय राय के पिता रमेश राय के अनुसार दोनों पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर करीब एक बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद सड़क मार्ग से राजा कुमार वर्मा का शव रांची और विनय राय का शव जमशेदपुर लाया जाएगा.
राजा कुमार के शव को भारत लाने के लिए परिजनों ने लगातार प्रयास किया. उनके एक मामा वियतनाम में मौजूद थे, जबकि उनके भाई ने झारखंड हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी. सांसद संजय सेठ ने भी विदेश मंत्रालय से संपर्क कर दोनों के पार्थिव शरीर भारत लाने में सहयोग किया.
25 सितंबर को हुआ था हादसा
वियतनाम के दा-लाट शहर में 25 सितंबर को उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक कार की चपेट में आ गई थी. हादसे में राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं, गंभीर रूप से घायल विनय राय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था.
बताया गया कि दोनों अपना काम खत्म करने के बाद संस्थान लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ. घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

