Ranchi: झारखंड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से एमबीबीएस और पोस्ट ग्रेजुएट सीटों में वृद्धि को मंजूरी दी गई है. यह निर्णय राज्य के दो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर और शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल धनबाद से संबंधित है.
शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज धनबाद में एमबीबीएस सीटें 100 से बढ़ाकर 250 कर दी गई हैं. इसमें 150 सीटों की वृद्धि की गई है. वहीं, एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर में भी एमबीबीएस सीटों में वृद्धि को स्वीकृति दी गई है. इस विस्तार योजना के तहत केंद्र सरकार ने कुल 225 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है, जिसमें 135 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की हिस्सेदारी होगी.
इसके साथ ही दोनों मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न विभागों में पोस्ट ग्रेजुएट सीटों में भी वृद्धि को मंजूरी दी गई है. इससे राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने की संभावना है.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस फैसले से राज्य में मेडिकल शिक्षा के अवसरों में विस्तार होगा और आने वाले वर्षों में डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी. इसके साथ ही मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के अनुसार अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी सीट वृद्धि की प्रक्रिया पर काम चल रहा है और भविष्य में सुपर स्पेशियलिटी सीटों में भी बढ़ोतरी की संभावना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment