Dhanbad News: लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर कोयलांचल में भक्ति और उत्साह का माहौल है. शहर के विभिन्न छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. घाटों की साफ-सफाई के साथ रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा की गई है जिससे छठ घाटों की खूबसूरती देखते ही बन रही है. इसी कड़ी में पम्पू तालाब छठ पूजा समिति की ओर से घाट पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है.
शनिवार को धनबाद विधायक राज सिन्हा ने पम्पू तालाब छठ घाट पहुंचकर फीता काटकर विद्युत सज्जा का उद्घाटन किया. लाइटिंग शुरू होते ही पूरा घाट रोशनी से जगमगा उठा. इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समिति के सदस्यों की तैयारियों की सराहना की और पर्व को शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न कराने की अपील की.
इसे भी पढ़ें:
छठ पर्व की परंपरा और लोक आस्था के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए विधायक राज सिन्हा एक छठ व्रती के घर भी पहुंचे. वहां उन्होंने व्रती के हाथों बने खरना का महाप्रसाद ग्रहण किया.इस दौरान उन्होंने छठी मइया से सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं.
इस मौके पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि छठ लोक आस्था का सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण महापर्व है. इसमें लोग पूरी श्रद्धा, शुद्धता और पवित्रता के साथ भगवान सूर्य और छठी मइया की उपासना करते हैं. इस पर्व की खासियत है कि लोग अपने घरों से लेकर आसपास के रास्तों और घाटों तक की सफाई करते हैं. छठ हमें स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है.
उन्होंने कहा कि छठ में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ अगले दिन उदीयमान सूर्य की उपासना की जाती है. यह परंपरा जीवन का भी बड़ा संदेश देती है कि सुख और दुख दोनों परिस्थितियों में इंसान को धैर्य और विश्वास बनाए रखना चाहिए. जिस सूर्य को शाम के समय विदाई दी जाती है उसी सूर्य का अगली सुबह नए उत्साह के साथ स्वागत किया जाता है. यह जीवन में उम्मीद और सकारात्मकता का प्रतीक है. विधायक ने सभी लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ छठ महापर्व मनाने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

