Ranchi: शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया. इस दौरान प्रमुख सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाया गया. वहीं भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के मामलों में 12 भवन मालिकों को नोटिस जारी किया गया है. इस मौके पर निगम ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में जवाब या सुधार नहीं करने पर भवनों को सील की जाएगी और झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 और झारखंड भवन उपविधि-2016 के तहत कार्रवाई की जाएगी.
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने कचहरी चौक से न्यू मार्केट चौक, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल) और अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल तक अभियान चलाकर सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया.
कचहरी चौक से न्यू मार्केट चौक के बीच अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थल पर लगाए गए चार ठेले, टेबल, बेंच और अन्य सामान जब्त किए गए. साथ ही दो अवैध अस्थायी दुकानों को भी हटाए गए. फिरायालाल क्षेत्र में फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए चार ठेले जब्त किए गए और रोड पर चल रहे ठेला-खोमचों को हटाया गया. अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल तक भी रोड और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
इसे भी पढ़ें -
भवन नियमों के उल्लंघन पर नोटिस
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम और नगर निवेशक शाखा की संयुक्त जांच में अरगोड़ा बाइपास रोड के मुख्य मार्ग पर स्थित 12 भवनों में विभिन्न अनियमितताएं मिलीं. जांच में बिना स्वीकृत भवन प्लान के निर्माण, आवासीय भवनों का व्यवसायिक उपयोग, स्वीकृत सेटबैक क्षेत्र पर अतिक्रमण, गिफ्ट डीड से संबंधित भूमि पर कब्जा और भवन उपविधियों के उल्लंघन के मामले सामने आए.
सभी संबंधित भवन मालिकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण देने और आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिए गए हैं. निगम ने कहा है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित भवनों को सील कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
निगम ने की लोगों से अपील
नगर निगम ने कहा है कि शहर में अतिक्रमण, भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. सभी नागरिकों और भवन मालिकों से भवन निर्माण और उपयोग संबंधी नियमों का पालन करने और सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment