Ranchi News: झारखंड के विकास के बिना 'विकसित भारत' का सपना साकार नहीं हो सकता. जब तक यहां का जनजातीय समाज विकास की मुख्यधारा से नहीं जुड़ेगा, तब तक यह संकल्प अधूरा रहेगा. यह बात भाजपा के प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने बुधवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में कही.
एक दिन के झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे गजेंद्र पटेल ने पार्टी के पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ अहम बैठक की. बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण से जुड़ा प्रस्ताव पेश किया.
इसे भी पढ़ें:
प्रस्ताव का अनुमोदन नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक पूर्णिमा साहू ने किया. इसके बाद वहां मौजूद सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर अपना समर्थन दिया. जिसके बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया.
पारित प्रस्ताव में केंद्र सरकार की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित करने की सराहना की गई. साथ ही, रांची में स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय के निर्माण और उलिहातू में पीएम के दौरे का विशेष रूप से जिक्र किया गया.
बैठक में पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और एकलव्य विद्यालय जैसी योजनाओं के जरिए आदिवासी सशक्तीकरण पर जोर दिया गया. इसके अलावा, जनजातीय युवाओं के लिए शिक्षा व रोजगार के अवसर बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया.
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पूर्व की सरकारों पर जनजातीय समाज की अनदेखी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देश के गरीबों और वंचितों की पीड़ा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी संवेदनशीलता के साथ समझा है. वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर अब तक उनका पूरा जीवन जनसेवा के प्रति समर्पित रहा है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल को राष्ट्र निर्माण का अनुपम उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि जो काम पहले असंभव लगते थे, वे आज मोदी के नेतृत्व में मुमकिन हुए हैं. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से लेकर देवघर में एम्स और सड़कों के जाल तक, हर क्षेत्र में विकास हुआ है.
प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने तीन अन्य बैठकें भी लीं. इनमें प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, कार्यालय प्रबंधन समिति और मीडिया, सोशल मीडिया व आईटी सेल के साथ संयुक्त बैठकें शामिल थीं. इन सभी बैठकों में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

