New Delhi : भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय (उच्च शिक्षा विभाग) के अंतर्गत ‘यूनेस्को के साथ सहयोग के लिए भारतीय राष्ट्रीय आयोग’ (INCCU) ने प्रतिष्ठित UNESCO गर्ल्स एंड विमेंस एजुकेशन प्राइज 2026 के लिए आधिकारिक तौर पर नामांकन आमंत्रित किए हैं.
पुरस्कार के बारे में
यह अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार लड़कियों और महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने वाले उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण प्रयासों को सम्मानित करता है. वर्ष 2015 में स्थापित इस पुरस्कार को People's Republic of China द्वारा वित्तपोषित किया जाता है.
इसके अंतर्गत दो विजेताओं को उनके कार्य को आगे बढ़ाने के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर की राशि प्रदान की जाती है. यह पुरस्कार सीधे तौर पर सतत विकास लक्ष्यों, विशेष रूप से SDG 4 (गुणवत्तापूर्ण शिक्षा) और SDG 5 (लैंगिक समानता) में योगदान देता है.
महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन प्रक्रिया
भारतीय आवेदकों और संस्थाओं को अपने आवेदन INCCU को 5 मई, 2026 तक भेजने होंगे. प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद भारत सरकार अधिकतम तीन नामांकनों का चयन करेगी, जिन्हें 12 मई, 2026 की मध्यरात्रि (पेरिस समय) तक पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय (फ्रांस) भेजा जाएगा.
कौन कर सकता है आवेदन?
यह पुरस्कार उन व्यक्तियों, संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) या अन्य संस्थाओं को दिया जाता है, जिन्होंने कम से कम दो वर्षों से चल रहे किसी प्रोजेक्ट या कार्यक्रम के माध्यम से लड़कियों और महिलाओं की शिक्षा में महत्वपूर्ण और नवाचारी योगदान दिया हो.
संपर्क विवरण
आवेदन भेजने और अधिक जानकारी के लिए शिक्षा मंत्रालय की अवर सचिव, सुश्री मधु बाला सोनी से संपर्क किया जा सकता है. नामांकन और संबंधित दस्तावेज ईमेल inc.edu@nic.in पर भेजे जा सकते हैं या कर्तव्य भवन-2, नई दिल्ली स्थित कार्यालय (कमरा नंबर 21020) में जमा किए जा सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार यूनेस्को की आधिकारिक वेबसाइट https://on.unesco.org/gwe-prize पर भी जा सकते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment