Patna News: पार्टी से निष्कासित मोकामा विधायक अनंत सिंह को जेडीयू ने एक और झटका दिया है. जनता दल यूनाइटेड की अनुशंसा पर अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को अब 20 सूत्री समिति सदस्य पद से हटा दिया गया है. इसके चलते नीलम देवी से राज्यमंत्री का दर्जा भी छिन गया है. साथ ही उन्हें भी पार्टी से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया.
दरअसल, बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हाल ही में हुए चुनाव में मोकामा विधायक अनंत सिंह ने एनडीए समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया था. उन्होंने नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी समर्थिति उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में चुनाव किया और उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी. इसके बाद जदयू की ओर से अनंत सिंह के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है.
इसे भी पढ़ें:
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी आदेश में अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित करने के साथ-साथ विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की 10वीं अनुसूची की शक्ति का इस्तेमाल करते हुए उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा भी की गई है.
जदयू का कहना है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पार्टी प्रवक्ता चंदन सिंह ने कहा कि पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करना नीतीश कुमार और निशांत कुमार का विरोध करने के समान है. उन्होंने आरोप लगाया कि अनंत सिंह लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे. इसी वजह से उन्हें और उनकी पत्नी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है.

अनंत और उनकी पत्नी के निष्कासन का आदेश
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

