Search

झारखंड मजदूर संघ ने केंद्रीय अधिवेशन में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों के शोषण का मुद्दा उठाया

Odisha : पुरी, ओडिशा में 6 से 8 फरवरी 2026 तक आयोजित भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय केंद्रीय अधिवेशन के दौरान एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया. 

 

शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रमिकों, पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया. भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया.

 

इस आयोजन में देश और विदेश से आए भारतीय मजदूर संघ से जुड़े पदाधिकारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए. शोभायात्रा ने संगठन की एकता और शक्ति का प्रदर्शन किया.

 

झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि अधिवेशन के दौरान भारतीय मजदूर संघ, झारखंड प्रदेश के महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने श्रमिकों के सर्वांगीण विकास को लेकर संगठन के प्रयासों को विस्तार से रखा.

 

उन्होंने महिला सहायिकाओं और महिला कर्मचारियों के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए सम्मानजनक कार्य वातावरण, समान वेतन और सुरक्षा को संगठन की प्राथमिकता बताया.

 

नीरज तिवारी ने कहा कि इस अवसर पर 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया गया. उन्होंने बताया कि दिन-रात जनसेवा में लगे 108 एंबुलेंस कर्मियों को समय पर वेतन, पीएफ, ईएसआईसी, न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. ठेका प्रथा के तहत कार्यरत इन कर्मचारियों के शोषण का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया.

 

उन्होंने बताया कि ठेका प्रथा को समाप्त कर 108 एंबुलेंस कर्मचारियों को सीधे सरकार के अधीन लेने की मांग को लेकर एक प्रस्ताव राजीव रंजन सिंह के समक्ष रखा गया.

 

इस प्रस्ताव को केंद्रीय अधिवेशन में प्रस्तुत किया गया, जिस पर सर्वसम्मति से पारित कराने का निर्णय लिया गया. पारित प्रस्ताव को भारत सरकार के समक्ष मजबूती से रखने की बात कही गई.

 

अधिवेशन में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई. संगठन ने न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा, सुरक्षित कार्यस्थल और नियमित भुगतान जैसे मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया.

 

तीन दिवसीय अधिवेशन के मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया रहे. कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, उपमुख्यमंत्री प्रतिभा पाटिल, सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही.

 

बड़ी संख्या में राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों और देशों से आए प्रतिनिधि तथा हजारों श्रमिकों की भागीदारी से आयोजन को व्यापक समर्थन मिला.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp