Ranchi News: नगर निगम की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी क्रम में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के पदाधिकारियों के साथ खादगढ़ा बस स्टैंड (भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल) का निरीक्षण किया.
करीब 15.33 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस बस टर्मिनल में बेहतर संचालन एवं व्यवस्थाओं के सुदृढीकरण एवं उपलब्धता का आधारभूत संरचनाओं के उपयोग को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस मौके पर नगर आयुक्त ने परिसर में बसों का आगमन, शौचालयों की व्यवस्था, प्रतीक्षालय, आश्रय गृह, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास द्वार और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल एक महत्वपूर्ण परिसंपति है. जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है. परिसर के विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण, अवैध संरचनाओं के कारण यात्रियों के आवागमन में परेशानी होती है. नगर आयुक्त ने सभी अवरोधों को हटाने का निर्देश दिया. बाउंड्री वॉल पर आकर्षक पेंटिंग करने का निर्देश दिए. आश्रय गृह के समीप स्थित पुराने एवं जर्जर भवन को हटाने का निर्देश दिया.
आयुक्त ने कहा कि निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अस्थायी दुकान अथवा अनधिकृत संरचना बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इनफोर्समेंट टीम को नियमित निगरानी रखने एवं अतिक्रमण पाए जाने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

