Ranchi News: भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, खादगढ़ा में अब टोल और अन्य निर्धारित शुल्क की वसूली रांची नगर निगम खुद करेगा. नगर निगम 25 सितंबर से विभागीय स्तर पर राजस्व वसूली शुरू की जाएगी,इसके लिए राजस्व निरीक्षक, सैनिटरी सुपरवाइजर और परिसंपत्ति अधीक्षक की संयुक्त टीम बनाई गई है. अगले 15 दिनों का ड्यूटी रोस्टर भी जारी किया गया है.
गुरुवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की बैठक हुई. इसमें टोल वसूली की प्रक्रिया और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
इसे भी पढ़ें:
नगर निगम के निर्धारित रोस्टर के अनुसार पहली शिफ्ट सुबह 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक होगी. टर्मिनल के प्रवेश और निकास से आने-जाने वाले वाहनों से नगर निगम की निर्धारित दर के अनुसार टोल/शुल्क लिया जाएगा. शुल्क जमा करने के बाद वाहन चालक को नगर निगम की अधिकृत रसीद दी जाएगी.
अपर नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि राजस्व वसूली में लगाए गए सभी कर्मचारी ड्यूटी के दौरान नगर निगम की ओर से जारी अधिकृत पहचान-पत्र अनिवार्य रूप से पहनेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि टोल वसूली का काम केवल नगर निगम के अधिकृत कर्मचारी ही करेंगे.किसी बाहरी या निजी व्यक्ति को वसूली कार्य में शामिल नहीं किया जाएगा.
बैठक में राजस्व संग्रहण में पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों को कहा गया कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता मिलने पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, राजस्व निरीक्षक, परिसंपत्ति अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

