Chakradharpur : झारखंड में भले ही ठंड का मौसम पूरी तरह खत्म होकर गर्मी ने दस्तक न दिया हो, लेकिन पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में नगर परिषद् चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा बढ़ा हुआ है. इस बार चक्रधरपुर नगर परिषद् चुनाव में अध्यक्ष पद की दावेदारी और टक्कर माननीयों के बीच ही होने से झारखंड में चक्रधरपुर नगर परिषद् चुनाव को अलग ही तरीके से देखा जा रहा है.
चक्रधरपुर नगर परिषद् चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी से सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी के पुत्र उदय मांझी ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद से ही तेज रफ्तार में समर्थकों के साथ लोगों से संपर्क साधना शुरु कर दिया है.
वहीं दूसरी ओर झामुमो से ही चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव के पुत्र सन्नी उरांव ने अध्यक्ष पद के लिए ही नामांकन दाखिल किया है. सन्नी उरांव भी समर्थकों के साथ शहर के गली-मोहल्लों में घूमकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं.
इधर झामुमो से ही खरसावां के विधायक दशरथ गागराई के भाई डॉ. विजय सिंह गागराई के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद भाजपा ने चक्रधरपुर से अध्यक्ष पद के लिए डॉ विजय सिंह गागराई को अपना समर्थित प्रत्याशी बनाया है. इससे साफ तरीके से चक्रधरपुर में नगर परिषद् चुनाव में अध्यक्ष पद की लड़ाई अब माननीयों के आपस में ही चुनाव में तब्दील हो गया है.
सिंहभूम के पूर्व सांसद स्व.विजय सिंह सोय की पुत्री अनुप्रिया सोय ने भी अध्यक्ष पद की एक मात्र महिला प्रत्याशी के रुप में नामांकन दाखिल किया है. वहीं अध्यक्ष पद के लिए सेवानिवृत शिक्षक माधो मुंडा, उत्तम कुमार बालमुचू, विजय सिंह सुम्ब्रुई,प्रकाश सिंह कोड़ाह, बीरबल हाईबुरु ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है. गुरुवार को चुनावी प्रक्रिया के तहत स्क्रूटनी किया गया. जहां अध्यक्ष पद के सभी प्रत्याशी के कागजात जांच में सही पाये गये.
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर चुके कितने लोग शुक्रवार को नाम वापसी प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष पद के चुनावी मैदान से स्वयं को बाहर करते हैं और चुनाव में अध्यक्ष पद का गेंद किसके पाले में जाता है.
ई रिक्शा चालक संघ ने भी उतारा है अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी
चक्रधरपुर नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए एक ओर जहां माननीय के बेटे,भाई चुनावी मैदान में हैं, वहीं दूसरी ओर से चक्रधरपुर में ई रिक्शा चलाने वालों ने भी अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी उतारा है.
चक्रधरपुर के ई रिक्शा चालक टोटो चालक संघ के बैनर तले बीरबल हाईबुरु को अपना प्रत्याशी घोषित कर समर्थन दे रहे हैं. बीरबल हाईबुरु भी अपना नामांकन कर चुके हैं. इससे ई रिक्शा चालकों में भी उत्साह बरकरार है. ई रिक्शा चालकों का कहना है कि सांसद व विधायकों के बीच हमारा प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं और हम अपने वोटों से जीत सुनिश्चित करेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment