Dhanbad News : झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित फ्लैश आर्ट अभियान कैनवास ऑफ धनबाद के तहत बुधवार को एक्सपोजर विजिट लाइफ अराउंड माइंस कार्यक्रम की शुरुआत हुई. इस पहल का उद्देश्य कोयला खदानों की गहराई, मजदूरों के संघर्ष और पुनर्वासित बस्तियों की जिंदगी को कैनवास पर उतारना है.
समाहरणालय परिसर से उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने हरी झंडी दिखाकर कलाकारों के दल को रवाना किया. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के उभरते कलाकारों को कोयला खदानों और उनसे जुड़े सामाजिक व औद्योगिक परिवेश से परिचित कराना है.कलाकार ओपन कास्ट माइनिंग, कोल वाशरी यूनिट और पुनर्वासित क्षेत्रों की जीवनशैली को करीब से देखेंगे ताकि उनकी कलाकृतियों में धनबाद की वास्तविक तस्वीर उभरकर सामने आए.
53 कलाकारों को मिला धनबाद को समझने का मौका
इस भ्रमण दल में ओपन प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित 53 प्रतिभागी शामिल हैं. इनमें स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और पेशेवर कलाकार भी हैं.
पांच जगहों पर देखेंगे कोयलांचल की अलग-अलग तस्वीर
कल्पना से अभिव्यक्ति तक- युवा कलाकारों की नजर से धनबाद थीम पर आयोजित इस भ्रमण के दौरान कलाकार पांच निर्धारित स्थानों का दौरा कर रहे हैं. इनमें ब्लॉक-2 बाघमारा, मधुबन कोलियरी, हार्ड कोक प्लांट कतरासगढ़, बेलगड़िया टाउनशिप और झरिया ऐना कोलियरी शामिल हैं.इन स्थानों पर कलाकार खनन गतिविधियों, औद्योगिक प्रक्रियाओं और पुनर्वासित क्षेत्रों के जीवन को समझेंगे.
21 नवंबर तक पेंटिंग जमा, 23 को प्रदर्शनी
डीडीसी ने बताया कि यह अभियान का पहला चरण है. भ्रमण से लौटने के बाद प्रतिभागी अपने अनुभवों और कल्पनाओं के आधार पर पेंटिंग तैयार करेंगे. कलाकृतियां जमा करने की अंतिम तिथि 21 नवंबर निर्धारित की गई है.
इसके बाद 23 नवंबर को जिला स्तरीय कला प्रदर्शनी आयोजित होगी.इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कलाकारों को पुरस्कृत करने के साथ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अनुशंसित किया जाएगा.

