Ranchi : भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में मोदी सरकार द्वारा प्रस्तुत लोक कल्याणकारी केंद्रीय बजट सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई.
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद अरुण सिंह तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं. इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास और मधु कोड़ा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय और डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बड़कुंवर गगराई, भानु प्रताप शाही और विकास प्रीतम, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सचेतक राज सिन्हा, पूर्व विधायक शशि भूषण मेहता, विरांची नारायण, रणधीर सिंह, अमित मंडल सहित जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक के बाद राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद अरुण सिंह ने प्रेसवार्ता कर केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार प्रस्तुत किया गया बजट सराहनीय, ऐतिहासिक और भारत के भविष्य को सशक्त बनाने वाला है. यह बजट देश के हर नागरिक के सपनों, आकांक्षाओं और मजबूत भविष्य की नींव रखता है.
अरुण सिंह ने कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों को उड़ान देगा, किसानों के विश्वास को मजबूत करेगा, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा और मध्यम तथा गरीब वर्ग को मजबूती प्रदान करेगा. उन्होंने कहा कि आज का भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के सिद्धांत पर आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि इस बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है. जिला स्तर पर बायोफार्मा केंद्रों की स्थापना से गुणवत्तापूर्ण इलाज सुलभ होगा. टीडीएस से जुड़े आवेदन की प्रक्रिया समाप्त की गई है. 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क कम या शून्य किया गया है. इसके साथ ही विदेश में पढ़ाई को भी सस्ता बनाया गया है.
युवाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में बजट को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान युवा उद्यमियों को बढ़ावा देगा. पर्यटन क्षेत्र मंइ युवा गाइडों के प्रशिक्षण और शिक्षा क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उच्चाधिकार समिति के गठन का प्रस्ताव किया गया है.
उन्होंने कहा कि देश के हर जिले में महिला छात्रावास की स्थापना की जाएगी. लखपति दीदी योजना की तर्ज पर क्रेडिट लिंक्ड आजीविका के माध्यम से महिलाओं को उद्यम स्वामित्व से जोड़ा जाएगा.
कृषि और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बजट में कई प्रावधान किए गए हैं. भारत विस्तार एआई टूल के माध्यम से कृषि को तकनीक से जोड़ा जाएगा. राष्ट्रीय फाइबर योजना से रेशम उद्योग को बढ़ावा मिलेगा. अमृत सरोवर और जलाशयों में मत्स्य पालन को प्रोत्साहन दिया जाएगा. पशु चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने के लिए पूंजी सब्सिडी योजना भी शुरू की जाएगी.
उन्होंने कहा कि एक ओर सेमीकंडक्टर और रासायनिक पार्कों के लिए प्रावधान किया गया है, वहीं दूसरी ओर खादी और हैंडलूम को बढ़ावा देने के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना शुरू की जा रही है. रक्षा क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है और आज मिसाइल तथा अन्य अस्त्र शस्त्र स्वदेशी रूप से तैयार हो रहे हैं. भारत रक्षा निर्यातक के रूप में भी उभर रहा है.
अरुण सिंह ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने स्वास्थ्य और रक्षा बजट में तीन गुना तथा सड़क निर्माण में छह गुना वृद्धि की है. झारखंड को इस बजट में टैक्स से 51,236 करोड़ रुपये, ग्रांट्स इन एड के रूप में 17,057 करोड़ रुपये और विशेष सहायता अनुदान के रूप में 11,567 करोड़ रुपये मिलेंगे. उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में झारखंड के लिए केंद्रीय सहायता 16 गुना बढ़ी है.
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों से झारखंड में 18.8 लाख किसान पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ ले रहे हैं. 1.35 करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बने हैं. पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना से 2.64 करोड़ लोगों को प्रति माह पांच किलो अनाज मिल रहा है.
जल जीवन मिशन के तहत 34.4 लाख घरों तक नल जल पहुंच चुका है. अटल पेंशन योजना में 25.6 लाख और पीएम सुरक्षा बीमा योजना में 1.6 करोड़ लोग पंजीकृत हैं.
अरुण सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार विकसित भारत के साथ विकसित झारखंड के संकल्प को पूरा करने का प्रयास कर रही है, लेकिन राज्य की मौजूदा सरकार केंद्रीय राशि का दुरुपयोग कर रही है.
उन्होंने राज्य सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य सरकार किसी बड़ी योजना को जमीन पर उतारने में असफल रही है. प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा और प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment