- किरीबुरू की वीआईपी कॉलोनी में लाखों की चोरी
- सेल अधिकारी के सरकारी आवास को बनाया निशाना
Amit Kumar
Nowamundi : पश्चिमी सिंहभूम जिले की किरीबुरू की डी-टाइप वीआईपी कॉलोनी स्थित सेल अधिकारी के सरकारी आवास में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवरात, लैपटॉप, मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर ली. चोरों ने देर रात वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्ती पर सवाल उठने लगे हैं.
बताया जाता है कि सेल किरीबुरू में पदस्थ अधिकारी राहुल यादव अपने परिवार के साथ किसी कार्य से दुर्गापुर गए थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके डी-टाइप स्थित सरकारी आवास संख्या डी-33 को निशाना बनाया. चोर मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी तोड़कर घर के अंदर घुसे और कमरे में रखे कीमती सामानों पर हाथ साफ किया.
इसे भी पढ़ें
राहुल यादव के अनुसार, चोर घर से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और लगभग 15 हजार रुपये नकद ले गए. परिवार के वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा देखकर चोरी की घटना का पता चला. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
बताया जा रहा है कि डी-टाइप कॉलोनी किरीबुरू की प्रमुख और अपेक्षाकृत सुरक्षित कॉलोनियों में शामिल है. यहां सेल किरीबुरू और मेघाहातुबुरु के कई वरिष्ठ अधिकारी रहते हैं. चोरी वाले आवास के पीछे पुलिस इंस्पेक्टर का कार्यालय और आवास स्थित है.
जबकि करीब 100 से 150 मीटर की दूरी पर एसडीपीओ का आवास एवं कार्यालय भी है. ऐसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्र में सरकारी आवास का ताला तोड़कर चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों ने रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने की जरूरत बताई है.
इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है.

