Search

 
 
 

खुद के विधायक राज्य से बाहर, और आरोप भाजपा पर- आदित्य साहू का कांग्रेस पर पलटवार

झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.
 

Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस पर खरीद-फरोख्त की राजनीति करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया.

 


आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस लगातार भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगा रही है, जबकि वास्तविकता इसके विपरीत है. उन्होंने सवाल उठाया कि विधानसभा में महज 16 विधायक होने के बावजूद कांग्रेस किस आधार पर राज्यसभा चुनाव जीतने का दावा कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा के पास 21 विधायक हैं, लेकिन संख्या बल की स्थिति को देखते हुए पार्टी ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा, क्योंकि भाजपा जोड़-तोड़ और खरीद-फरोख्त की राजनीति में विश्वास नहीं करती.

 


कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने समर्पित स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर एक बाहरी व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है. उन्होंने पूछा कि संबंधित प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरने से पहले झारखंड कितनी बार आए और राज्य के लोगों से उनका कितना जुड़ाव रहा है.

 


साहू ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस अपने विधायकों को दूसरे राज्यों में ले जा रही है. उन्होंने कहा कि इससे यह संदेश जाता है कि कांग्रेस को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है. उन्होंने सवाल किया कि आखिर विधायकों को राज्य से बाहर ले जाने की जरूरत क्यों पड़ रही है.

 


निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के संबंध में पूछे गए सवाल पर आदित्य साहू ने कहा कि नथवानी ने भाजपा से समर्थन का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि पिछले दो कार्यकाल में नथवानी ने गांव, गरीब और किसानों के हित में कई काम किए हैं. भाजपा इस विषय पर अपने विवेक के आधार पर निर्णय लेगी.

 


कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह वही पार्टी है जिसने झारखंड आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से राज्य की राजनीति में स्वार्थ की भूमिका निभाती रही है.

 


प्रेसवार्ता के अंत में आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक विधायक अपने स्वविवेक से मतदान करेगा. उन्होंने दोहराया कि पार्टी किसी भी परिस्थिति में पैसे के बल पर राजनीति या खरीद-फरोख्त का हिस्सा नहीं बनेगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही