Ranchi News: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की ओर से राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्ची के साथ कथित यौन शोषण का मामला बेहद गंभीर है. सरकार को इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करानी चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके.
विनोद पांडेय ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. किसी को भी उसके पद, राजनीतिक प्रभाव या पार्टी से जुड़े होने के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए. कानून से ऊपर कोई नहीं है.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचें. नाबालिग बच्ची को न्याय दिलाना सबसे महत्वपूर्ण है. वहीं, न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस कार्रवाई को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए. पुलिस को कानून के दायरे में रहकर काम करना चाहिए. मीडिया की स्वतंत्रता और कानून, दोनों का सम्मान जरूरी है.
पांडेय ने कहा कि यदि इस पूरे प्रकरण में कोई साजिश हुई है या राजनीतिक लाभ लेने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है तो इसकी भी जांच होनी चाहिए. साजिश के पीछे जिन लोगों की भूमिका सामने आए, उन्हें बेनकाब कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.
उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले को राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए. न तो किसी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिले और न ही जांच को प्रभावित करने की कोशिश हो. सरकार निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे सख्त सजा दिलाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

