- कोल्हान विश्वविद्यालय ने जारी की नामांकन तिथि
- आज से खुलेगा चांसलर पोर्टल, 26 जुलाई शाम 5 बजे तक कर सकेंगे आवेदन
- 28 जुलाई को मेरिट लिस्ट होगा जारी
- चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 28 जुलाई से 1 अगस्त तक होगा
- कक्षाओं का संचालन 3 अगस्त से होगा प्रारंभ
Sukesh kumar
Chaibasa : कोल्हान विश्वविद्यालय ने स्नातक कार्यक्रम सत्र 2026–30 और स्नातक वोकेशनल कार्यक्रम सत्र 2026–29 के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल 20 जुलाई से खोलने की घोषणा की है. इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 26 जुलाई की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, मेरिट सूची का प्रकाशन 28 जुलाई को संबंधित महाविद्यालयों की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर किया जाएगा. चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 28 जुलाई से 1 अगस्त तक होगा. जबकि कक्षाओं का संचालन 3 अगस्त से प्रारंभ होगा.
ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रति विषय 25 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. आवेदन केवल चांसलर पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे. विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों के लिए अपार आईडी और एबीसी आई डी अनिवार्य किया है. विद्यार्थियों को आवेदन से पूर्व डिजी लॉकर के माध्यम से अपार और एबीसी आईडी बनवाने की सलाह दी गई है.
इस सत्र से बॉटनी एवं जूलॉजी के स्थान पर लाइफ साइंस विषय की पढ़ाई होगी. वहीं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप विद्यार्थियों को एक से अधिक विषयों में आवेदन करने का विकल्प भी दिया गया है, ताकि सीमित सीटों के कारण कोई भी विद्यार्थी नामांकन से वंचित न रहे.
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा.
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से आवेदन पत्र में सभी जानकारियाँ सावधानीपूर्वक भरने का आग्रह किया है, क्योंकि दस्तावेज़ सत्यापन के दौरान गलत जानकारी पाए जाने पर नामांकन पर विचार नहीं किया जाएगा.
कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं छात्र-केंद्रित प्रवेश प्रक्रिया के लिए है. सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर चांसलर पोर्टल पर आवेदन करें.
अंजिला गुप्ता ने आवेदन पत्र भरते समय सभी आवश्यक जानकारियां और दस्तावेज सावधानीपूर्वक अपलोड करने को कहा है, ताकि नामांकन प्रक्रिया सुचारु और समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment