Lagatar Desk : पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' को लेकर सुर्खियों में हैं. इसी बीच उनके बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा है
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी विस्फोट किए जाने की बात कही गई है. इतना ही नहीं, ईमेल में लोगों को बच्चों को साथ नहीं लाने और मेट्रो से सफर करने से बचने जैसी चेतावनियां भी दी गई हैं. इस ईमेल के सामने आने के बाद कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए बेंगलुरु पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं. अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है. साथ ही कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
इंदौर शो से पहले भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले 15 नवंबर को इंदौर में आयोजित उनके शो से पहले भी धमकी भरे ईमेल मिलने की खबर सामने आई थी.

