Jamshedpur News: साइबर अपराधियों तक फर्जी सिम कार्ड पहुंचाने वाले एक गिरोह का जमशेदपुर पुलिस ने खुलासा किया है. इस गिरोह में टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारी से लेकर सिम कार्ड बेचने वाले एजेंट तक शामिल थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो POS एजेंट और जीओ कंपनी के एक कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.
इस पूरे मामले का खुलासा दूरसंचार विभाग से मिली खुफिया जानकारी के बाद हुआ. जानकारी मिलने पर पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें सिम कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में बड़े स्तर पर गड़बड़ी सामने आई. पुलिस के अनुसार, आरोपी सरकारी दिशा-निर्देशों और सिम कार्ड जारी करने के निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें:
जांच में पता चला कि आरोपी सीधे-सादे और कम पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बनाते थे. उनकी KYC का इस्तेमाल कर एक ही व्यक्ति के नाम पर दो या उससे अधिक सिम कार्ड जारी किए जाते थे. इनमें से एक सिम ग्राहक को दे दिया जाता था, जबकि दूसरा सिम कार्ड पैसों के बदले साइबर अपराधियों को बेच दिया जाता था. इस तरह ग्राहकों को इसकी जानकारी दिए बिना उनके नाम पर अतिरिक्त सिम कार्ड जारी किए जा रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, इन सिम कार्डों का इस्तेमाल देश के अलग-अलग हिस्सों में बैंक धोखाधड़ी, वित्तीय ठगी और अन्य साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था. इस नेटवर्क में टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारी की भूमिका भी सामने आई है.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौनक कुमार (19), निवासी बर्मामाइंस, सन्नी कुमार साव (19), निवासी गोलमुरी और प्रकाश कुमार (33), निवासी टेल्को के रूप में हुई है. प्रकाश कुमार जिओ कंपनी का कर्मचारी है, जबकि रौनक और सन्नी POS एजेंट के रूप में काम करते थे.
पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड जब्त किए हैं. इस मामले में जमशेदपुर साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 109/2026 दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों की KYC का दुरुपयोग कर फर्जी सिम कार्ड जारी किए हैं और इन सिम कार्डों के जरिए देशभर में कितने साइबर अपराधों को अंजाम दिया गया है. पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

