- अस्पताल प्रबंधक भर्ती पर सवाल
- 126 चयनित अभ्यर्थियों की होगी जांच
- 3 सदस्यीय कमेटी गठित
Ranchi News : झारखंड के स्वास्थ्य विभाग में अस्पताल प्रबंधक के पद पर हुई नियुक्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं. अभ्यर्थियों की शिकायत के बाद विभाग ने चयन प्रक्रिया की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है. कमेटी की अध्यक्षता अपर सचिव संदीप कुमार दोरायबु करेंगे. वहीं उप सचिव ध्रुव प्रसाद और प्रशाखा पदाधिकारी माधवी को कमेटी का सदस्य बनाया गया है.
तीन सदस्यीय कमेटी 20 अगस्त 2026 को जारी 126 चयनित और अनुशंसित अभ्यर्थियों की सूची की जांच करेगी. साथ ही चयन प्रक्रिया से जुड़े सभी रिकॉर्ड और नियमों की भी जांच की जाएगी. इसमें अभ्यर्थियों की उम्र, शैक्षणिक योग्यता, काम का अनुभव, आरक्षण और मेरिट जैसे बिंदुओं को देखा जाएगा. कमेटी को 2 सितंबर तक अपनी रिपोर्ट विभाग को देनी है.
दरअसल, अस्पताल प्रबंधक पद के अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव से शिकायत की थी. इसमें चयन सूची में शामिल कुछ अभ्यर्थियों की उम्र और अनुभव को लेकर सवाल उठाए गए थे. शिकायत में जितेंद्र कुमार की उम्र को लेकर सवाल उठाये गए थे.
वहीं मुस्कान भारती, ममता कुमारी, सृष्टि सिंह और रविंद्र कुमार की उम्र और पीजी डिग्री के बाद जरूरी अनुभव पर भी संदेह जताया गया. जबकि निरंजन कुमार के चयन पर आपत्ति जताई गई है. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वे OBC वर्ग से हैं और उम्र में आरक्षण का लाभ लिया है, फिर उन्हें UR यानी सामान्य वर्ग में कैसे रखा गया.
अभ्यर्थियों ने मांग की है कि सभी चयनित उम्मीदवारों की पढ़ाई, अनुभव और इंटरव्यू में मिले अंक सार्वजनिक किए जाएं. उनका कहना है कि जांच में अगर कोई उम्मीदवार नियमों के अनुसार योग्य नहीं पाया जाता है, तो उसका चयन रद्द कर योग्य अभ्यर्थी को मौका दिया जाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

