- - जवाब मांगने वाले दल में दो बिहार के अलावा एक तेलगु देशम पार्टी
- - चिराग पासवान ने भाजपा नेताओं को भी कटघरे में खड़ा किया
Lagatar Desk : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में शामिल तीन राजनीतिक दलों ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर उठे सवालों को लेकर चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगा है.
जिन दलों ने सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है, उनमें बिहार की चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल है. इसके अलावा आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की पार्टी तेलगु देशम पार्टी ने भी चुनाव आयोग से विवादों पर जवाब मांगा है.
इसे भी पढ़ें
तेलगु देशम पार्टी केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण घटक दल है. इस पार्टी के लोकसभा में फ्लोर लीडर लावु श्रीकृष्णा देवरायालु ने कहा है कि जो सवाल उठे हैं, उस पर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए. पारदर्शिता से ही चुनाव आयोग पर आम लोगों का भरोसा बढ़ेगा. आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.
लोजपा (रामविलास) के चिराग पासवान ने कहा है कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है. उसे अपने बचाव के लिए सरकार की जरुरत नहीं है. आयोग को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. अपने इस बयान से चिराग पासवान ने आयोग के साथ-साथ उन भाजपा नेताओं को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है, जो आयोग के बदले मीडिया में पक्ष रख रहे हैं.
इसी तरह राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा ने भी कहा है कि चुनाव आयोग को तुरंत स्पष्टीकरण देना चाहिए. क्योंकि इंडियन एक्सप्रेस के खुलासे से देश भर में चुनाव आयोग को लेकर विवाद और भ्रम की स्थिति पैदा हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

