Gumla News: मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करते तीन युवकों पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 18.57 ग्राम ब्राउन शुगर और एक स्कूटी बरामद की है. गिरफ्तार युवकों की पहचान पीयूष केरकेट्टा (19), अनमोल बाड़ा (20) और कॉस्मोस एक्का (25) के रूप में हुई है. तीनों गुमला जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं.
पुलिस के अनुसार, शनिवार 31 अक्टूबर की शाम करीब 4:50 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि गुमला थाना क्षेत्र के करंज मोड़, सोसो के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर का सेवन और खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया. इसमें अंचलाधिकारी, गुमला थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
इसे भी पढ़ें:
छापेमारी दल शाम करीब 5:55 बजे करंज मोड़, सोसो पहुंचा. वहां एक स्कूटी पर तीन युवक बैठे मिले. पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया. इसके बाद स्कूटी की तलाशी ली गई, जिसमें टीवीएस एनटॉर्क (TVS NTORQ) की डिक्की में पारदर्शी प्लास्टिक में रखा 18.57 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ. स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 07 एम 024 बताया गया है.
इस मामले में गुमला थाना कांड संख्या 417/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और स्कूटी को जब्त कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है. मामले में नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

