Search

 
 
 

Bokaro News: बोकारो में राष्ट्रीय तीरंदाजी का रोमांच, देशभर के युवा तीरंदाजों ने दिखाया दम

Bokaro News: मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग के मुकाबले रविवार को संपन्न हो गए. प्रतियोगिता में देशभर से पहुंचे युवा तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया.
 
तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन

Bokaro News: मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग के मुकाबले रविवार को संपन्न हो गए. प्रतियोगिता में देशभर से पहुंचे युवा तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. समापन समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया.

इसे भी पढ़ें: 

जूनियर रिकर्व पुरुष वर्ग में मेघालय के देवराज मोहापात्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता. झारखंड के गोल्डी मिश्रा ने रजत और ओडिशा के रसानंदा बिरुआ ने कांस्य पदक हासिल किया. जूनियर रिकर्व महिला वर्ग में हरियाणा की कीर्ति ने स्वर्ण, झारखंड की सुरभि पाल ने रजत और राजस्थान की खुशी कुमावत ने कांस्य पदक जीता.

 

वहीं जूनियर कंपाउंड पुरुष वर्ग में राजस्थान के प्रद्युम्न यादव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया. झारखंड के दिवांशु सिंह चंद्रवंशी दूसरे और महाराष्ट्र के शार्विल राजेंद्र माने तीसरे स्थान पर रहे. जूनियर कंपाउंड महिला वर्ग में दिल्ली की सामीक्षा मनकतला ने स्वर्ण, हरियाणा की एंजेल ने रजत और तेलंगाना की मंडलुरु हरिणी रेड्डी ने कांस्य पदक हासिल किया.

 

मारोह को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. ऐसे आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि भारत तीरंदाजी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है. युवा खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि भारत तीरंदाजी में विश्व का नंबर एक देश बनने की दिशा में आगे बढ़ सके.

 

उन्होंने झारखंड की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और बड़े मंच उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर तक मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं.

 

प्रतियोगिता के दौरान झारखंड के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. गोल्डी मिश्रा, सुरभि पाल और दिवांशु सिंह चंद्रवंशी ने पदक जीतकर राज्य का परचम लहराया. प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों की मौजूदगी ने बोकारो को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई.

 

समापन समारोह में पूर्व सांसद रविंद्र पांडेय, पूर्व विधायक बिरंची नारायण, बोकारो तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक लंबोदर महतो सहित तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.

 

बोकारो में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता ने युवा तीरंदाजों को देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपनी क्षमता परखने का महत्वपूर्ण अवसर दिया. आयोजन को झारखंड में तीरंदाजी की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही