Search

तंबाकू की लत से बढ़ रहा कैंसर,समय पर जांच से बच सकती है जान: टाटा ट्रस्ट्स

Ranchi: झारखंड में खैनी और अन्य धुआंरहित तंबाकू उत्पादों का बढ़ता उपयोग लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. टाटा ट्रस्ट्स की पहल रांची कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (RCHRC) ने चेतावनी दी है कि तंबाकू की लत मुंह, जीभ और गले के कैंसर के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी का एक प्रमुख कारण है.

 

अस्पताल ने बोकारो के एक 45 वर्षीय व्यवसायी का उदाहरण साझा किया, जो लगभग 18 वर्षों तक नियमित रूप से खैनी का सेवन करते रहे. उनकी जीभ पर एक छोटा सफेद धब्बा उभरा, जिसे उन्होंने सामान्य समस्या समझकर अनदेखा कर दिया. धीरे-धीरे उन्हें खाने और बोलने में कठिनाई होने लगी. जांच कराने पर उनकी जीभ में कैंसर की पुष्टि हुई. विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे कई मरीज अस्पताल तब पहुंचते हैं, जब बीमारी काफी गंभीर अवस्था में पहुंच चुकी होती है.

 

आरसीएचआरसी के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं. वर्ष 2023 में कैंसर के 1126 नए मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 2229 हो गई. इसी तरह सिर और गर्दन के कैंसर के मामले वित्तीय वर्ष 2022-23 में 80 से बढ़कर 2024-25 में 378 तक पहुंच गए. इन मरीजों में लगभग 80 प्रतिशत पुरुष हैं.

 

आरसीएचआरसी के मेडिकल डायरेक्टर और वरिष्ठ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. गौतम कुमार शरण ने कहा कि झारखंड में खैनी और तंबाकू को अक्सर सामान्य आदत माना जाता है, लेकिन इसके परिणाम बेहद गंभीर हो सकते हैं. उन्होंने बताया कि मुंह में लंबे समय तक छाले रहना, सफेद धब्बे दिखाई देना, निगलने में परेशानी होना या लगातार दर्द बने रहना कैंसर के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं. ऐसे संकेत मिलने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए.

 

अस्पताल के अनुसार, संबंधित मरीज का इलाज सर्जरी, रेडिएशन और कीमोथेरेपी के माध्यम से किया गया और अब वह कैंसर मुक्त जीवन जी रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर पहचान और उपचार से कैंसर पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.

 

डॉक्टरों ने लोगों से तंबाकू से दूरी बनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और शुरुआती लक्षणों को गंभीरता से लेने की अपील की है. उनका मानना है कि कैंसर के बढ़ते मामलों पर रोक लगाने में अस्पतालों के साथ-साथ परिवार और समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//