Search

 
 
 

Dhanbad News: प्रभातम मॉल में ट्रेड लाइसेंस की जांच, 17 हजार रुपये जुर्माना वसूला

नगर निगम द्वारा शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ट्रेड लाइसेंस और कर संबंधी नियमों के अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है.
 

Dhanbad: नगर निगम द्वारा शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ट्रेड लाइसेंस और कर संबंधी नियमों के अनुपालन  सुनिश्चित करने के लिए विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत मंगलवार को प्रभातम मॉल में व्यापक जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान निगम की टीम ने मॉल में संचालित विभिन्न दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस, होल्डिंग टैक्स एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. 

 


निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठान ऐसे पाए गए जो बिना अद्यतन ट्रेड लाइसेंस के संचालित हो रहे थे. वहीं अधिकांश प्रतिष्ठानों के होल्डिंग टैक्स से संबंधित अभिलेखों में भी त्रुटियां और विसंगतियां पाई गईं. नगर निगम की टीम ने मौके पर ही संबंधित व्यवसायियों को नियमों का पालन करने का निर्देश दिया और निर्धारित प्रावधानों के तहत कुल 17 हजार रुपये का जुर्माना वसूला.

 


जांच के क्रम में यह भी सामने आया कि कई दुकानों का ट्रेड लाइसेंस नवीनीकरण लंबे समय से लंबित है. निगम अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि ट्रेड लाइसेंस का समय पर नवीनीकरण कराना प्रत्येक व्यवसायी की कानूनी जिम्मेदारी है. बिना वैध लाइसेंस के व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन माना जाएगा.

 


नगर निगम की टीम ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को अविलंब अपने ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण कराने तथा होल्डिंग टैक्स संबंधी त्रुटियों को सुधारने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि ट्रेड लाइसेंस केवल एक औपचारिक दस्तावेज नहीं बल्कि व्यवसाय संचालन की वैधानिक स्वीकृति है. इससे व्यवसायों का रिकॉर्ड अद्यतन रहता है और नगर निगम को कर संग्रहण एवं शहरी सेवाओं के संचालन में सुविधा मिलती है.

 

 

नगर निगम ने शहर के सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे अपने ट्रेड लाइसेंस और कर संबंधी दस्तावेजों को अद्यतन रखें तथा समय पर उनका नवीनीकरण कराएं. इससे अनावश्यक जुर्माने और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकता है.अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम का यह विशेष सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा. 

 

 

आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न बाजारों, मॉल, कॉम्प्लेक्स और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर ट्रेड लाइसेंस, होल्डिंग टैक्स और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी. निगम का उद्देश्य व्यावसायिक गतिविधियों को व्यवस्थित करना, राजस्व संग्रह को मजबूत बनाना और सभी प्रतिष्ठानों में नियमों का समान रूप से पालन सुनिश्चित करना है.

 

Dhanbad News: प्रभातम मॉल में ट्रेड लाइसेंस की जांच, 17 हजार रुपये जुर्माना वसूला

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही