Ranchi News : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर अल्बर्ट एक्का चौक पर 4 सितंबर को झांकी और 5 सितंबर को भजन संध्या सह दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन को प्रतिबंधित किया है.
जानकारी के अनुसार, 4 और 5 सितंबर को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का रांची शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा. ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. वहीं, सामान्य नो-एंट्री व्यवस्था पूर्ववत लागू रहेगी.
इन रास्तों पर वाहनों के परिचालन पर रोक
फिरायालाल चौक से सुजाता चौक तक, उल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपी होते हुए, प्लाजा चौक से फिरायालाल चौक तक, जेल चौक से फिरायालाल चौक तक, मिशन चौक से सर्जना चौक तक, रतन पीपी से फिरायालाल चौक की ओर जाने वाला मार्ग, कर्बला चौक से काली मंदिर और उल हाउस की ओर आने वाले मार्ग. इन मार्गों पर 4 और 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक संबंधित वाहनों का प्रवेश और परिचालन बंद रहेगा.
यातायात पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी रूट डायवर्ट या वाहनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोका जा सकता है.
यातायात पुलिस ने रांची के नागरिकों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान शहर में विशेष आवश्यकता होने पर ही चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

