Ranchi News: सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक सात दिवसीय सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान चलाएगी. अभियान की थीम ‘सुरक्षित सफर, सुरक्षित कल’ रखी गई है.
रांची ट्रैफिक पुलिस अभियान के दौरान सात दिनों तक वाहन चालकों और आम लोगों को अलग-अलग सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करेगी.
इसे भी पढ़ें:
अभियान के पहले दिन 28 सितंबर को हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं का संदेश दिया जाएगा. ट्रैफिक पुलिस लोगों से हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने और आईएसआई मार्क वाले हेलमेट का इस्तेमाल करने की अपील करेगी. साथ ही हेलमेट को सही तरीके से पहनने और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट की जरूरत पर जोर दिया जाएगा.
29 सितंबर को सीट बेल्ट लगाएं, सुरक्षित रहें अभियान चलाया जाएगा. कार चालकों और यात्रियों को सीट बेल्ट के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया जाएगा. 30 सितंबर को मोबाइल नहीं, ड्राइविंग के दौरान अभियान के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की जाएगी.
1 अक्टूबर को तेज रफ्तार जीवन पर भारी संदेश के साथ ओवरस्पीडिंग के खिलाफ जागरूकता अभियान चलेगा. वहीं 2 अक्टूबर को लाल बत्ती का सम्मान करते हुए ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और रेड लाइट जंप नहीं करने का संदेश दिया जाएगा.
3 अक्टूबर को पैदल यात्रियों का सम्मान करें अभियान के तहत सड़क पार करते समय सावधानी बरतने और पैदल यात्रियों के अधिकारों का सम्मान करने के लिए जागरूक किया जाएगा. अभियान के अंतिम दिन 4 अक्टूबर को शराब पीकर वाहन न चलाएं का संदेश दिया जाएगा. ट्रैफिक पुलिस लोगों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करेगी.
रांची ट्रैफिक पुलिस ने अभियान के माध्यम से लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. अभियान का उद्देश्य सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

