Search

 
 
 

पुणे जाने वाले रांची के रेल यात्री परेशान: सीधी ट्रेन हफ्ते में दो दिन, 30 घंटे के सफर में पैंट्री भी नहीं

Ranchi News: हटिया–पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस हटिया से सोमवार और शुक्रवार को रात आठ बजे रवाना होती है. यह तीसरे दिन तड़के 2:15 बजे पुणे पहुंचती है. दोनों शहरों के बीच रेल मार्ग की दूरी करीब 1,768 किलोमीटर है.
 
हटिया-पुणे एक्सप्रेस
  • हफ्ते में दो दिन ही सीधी ट्रेन
  • 30 घंटे के सफर में पैंट्री कार नहीं
  • अमृत भारत ट्रेन चलाने की मांग

Ranchi News: पुणे जाने वाले रांची के रेल यात्रियों के लिए सीधी ट्रेन के विकल्प सीमित हैं. हटिया–पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस सप्ताह में केवल दो दिन चलती है. दूसरे दिनों में यात्रा करने वालों को कनेक्टिंग ट्रेन तलाशनी पड़ती है या अपनी यात्रा की तारीख बदलनी पड़ती है. करीब 30 घंटे के लंबे सफर में इस ट्रेन में पैंट्री कार की सुविधा भी नहीं है.

इसे भी पढ़ें:

ट्रेन संख्या 22846 हटिया–पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस हटिया से सोमवार और शुक्रवार को रात आठ बजे रवाना होती है. यह तीसरे दिन तड़के 2:15 बजे पुणे पहुंचती है. दोनों शहरों के बीच रेल मार्ग की दूरी करीब 1,768 किलोमीटर है.

 

पढ़ाई और नौकरी के लिए पुणे जाने वाले लोगों को भी इसी ट्रेन पर निर्भर रहना पड़ता है. कारोबार या दूसरे जरूरी कामों से जाने वाले यात्रियों के सामने भी यही स्थिति है. सीधी ट्रेन के परिचालन वाले दिनों के अलावा सफर करना हो तो दूसरा विकल्प तलाशना पड़ता है. सामान के साथ सफर करने वाले परिवारों और बुजुर्ग यात्रियों को इससे अतिरिक्त परेशानी होती है.

 

हटिया–पुणे एक्सप्रेस में पैंट्री कार की सुविधा नहीं है. यात्रियों को रास्ते के स्टेशनों पर उपलब्ध खानपान या ई-कैटरिंग सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ता है. इतने लंबे सफर में भोजन की व्यवस्था के लिए यात्रियों को पहले से तैयारी करनी पड़ती है.

 

हटिया/रांची से पुणे के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग रेलवे के समक्ष रखी जा चुकी है. अप्रैल 2026 में दक्षिण पूर्व रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (Zrucc) के सदस्य अरुण जोशी ने इस मार्ग पर अमृत भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को दिया था. टाटानगर होकर शालीमार–पुणे ट्रेन चलाने का सुझाव भी दिया गया था. अरुण जोशी ने बताया कि नई ट्रेन से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी. फिलहाल रेलवे बोर्ड की ओर से इसकी मंजूरी का इंतजार है.

 

रांची से पुणे के बीच सीधी ट्रेनों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को यात्रा के लिए अधिक विकल्प मिल सकेंगे. मौजूदा ट्रेन में खानपान की सुविधा बेहतर होने से भी लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही