Ranchi News: झारखंड के युवाओं के लिए एविएशन सेक्टर में रोजगार का नया अवसर खुलने जा रहा है. झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ड और ग्राउंड क्रू की ट्रेनिंग अगले महीने से शुरू होने की संभावना है.
झारखंड सरकार के नागर विमानन विभाग के तहत चल रहे झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट ने डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट कोर्स के लिए चयन साक्षात्कार पूरा कर लिया है. इस चयन प्रक्रिया में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया.
इसे भी पढ़ें -
साक्षात्कार के दौरान उम्मीदवारों की पढ़ाई, बातचीत करने की क्षमता, अंग्रेजी भाषा का ज्ञान, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और एविएशन सेक्टर में रुचि को देखा गया. संस्थान के अनुसार पूरी चयन प्रक्रिया तय नियमों के तहत की गई है.
झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने कहा कि देश में एविएशन सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है. इसके साथ ही इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं. संस्थान का प्रयास है कि झारखंड के युवाओं को राज्य में ही बेहतर और रोजगार से जुड़ी ट्रेनिंग मिले.
ट्रेनिंग पूरी करने के बाद युवाओं के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट, ग्राउंड हैंडलिंग, यात्री सेवा और एविएशन हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में काम के अवसर मिल सकते हैं.
कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने कहा कि संस्थान का मकसद केवल युवाओं को प्रमाण पत्र देना नहीं है. उन्हें बेहतर कम्युनिकेशन, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और काम से जुड़ी जरूरी स्किल भी सिखाई जाएगी. संस्थान में पहले से कमर्शियल पायलट लाइसेंस की ट्रेनिंग भी शुरू की जा चुकी है.
चयनित उम्मीदवारों की पहली वरीयता सूची अगस्त के अंतिम सप्ताह में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने की संभावना है. इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को नामांकन और ट्रेनिंग से जुड़ी जानकारी दी जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

