Search

 
 
 

झारखंड जगुआर परिसर में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को झारखंड जगुआर के टेंडरग्राम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
 

Ranchi: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को झारखंड जगुआर के टेंडरग्राम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान झारखंड जगुआर के पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिरथरे, पुलिस उप-महानिरीक्षक इंद्रजीत माहथा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी अनूप बिरथरे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है. उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है और सभी लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए.

 

उन्होंने बताया कि झारखंड जगुआर द्वारा पिछले कई वर्षों से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाया जाता रहा है. इन प्रयासों का परिणाम है कि आज टेंडरग्राम स्थित झारखंड जगुआर परिसर हरियाली से आच्छादित नजर आता है.

 

अधिकारियों ने बताया कि झारखंड जगुआर की स्थापना के बाद से पिछले 18 वर्षों में परिसर में लाखों पौधे लगाए गए हैं. इससे न केवल परिसर की सुंदरता बढ़ी है, बल्कि भूमिगत जल स्तर में भी सुधार हुआ है. उन्होंने कहा कि यह परिसर इस बात का जीवंत उदाहरण है कि बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कर किसी भी बंजर क्षेत्र को हरा-भरा बनाया जा सकता है.

 

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया. झारखंड जगुआर ने भविष्य में भी वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही