Latehar News: भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जिले में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा का आयोजन किया गया है. इस कार्यक्रम में उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जनजातीय समुदायों का सर्वांगीण विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनजातीय परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने ग्रामीणों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने सोमवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा के तहत समाहरणालय परिसर से जनजातीय गौरव रथ रवाना किया. जनजातीय गौरव रथ जिले के सभी प्रखंडों के जनजातीय बहुल गांवों का भ्रमण करेगा. इस दौरान ग्रामीणों को जनजातीय समुदायों के विकास, उनके अधिकारों तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी.
अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें विकास की मुख्यधारा में शामिल करना है. गौरतलब है कि जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा 1 से 15 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है. इसके तहत प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) सहित जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी. मौके पर आईटीडीए निदेशक सरोजनी ऐनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी चंद्र किशोर कुमार सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

