Search

 
 
 

Dhanbad News: जीटी रोड पर सड़क पर खड़ी हाइवा से टकराया ट्रक, चालक की मौत

Dhanbad News: अजबडीह मोड़ के पास एक हाइवा तकनीकी खराबी के कारण करीब दो घंटे से जीटी रोड पर खड़ी थी. आरोप है कि वाहन के पीछे न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था. इसी दौरान बिहार से कोलकाता की ओर जा रहा आइसर ट्रक वहां पहुंचा और सीधे खड़ी हाइवा में पीछे से टक्कर मार दी.
 
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक

Dhanbad News: जीटी रोड पर सड़क किनारे नहीं बल्कि सड़क पर खड़ी एक खराब हाइवा रविवार की शाम एक ट्रक चालक के लिए मौत का कारण बन गई. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के अजबडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार आइसर ट्रक पीछे से हाइवा में जा घुसा. टक्कर इतनी भीषण थी कि आइसर ट्रक का केबिन लोहे के मलबे में तब्दील हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

 

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार अजबडीह मोड़ के पास एक हाइवा तकनीकी खराबी के कारण करीब दो घंटे से जीटी रोड पर खड़ी थी. आरोप है कि वाहन के पीछे न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था. 

 

इसी दौरान बिहार से कोलकाता की ओर जा रहा आइसर ट्रक वहां पहुंचा और सीधे खड़ी हाइवा में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के अंदर ही जिंदगी और मौत के बीच फंस गया.

इसे भी पढ़ें:

सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची.ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं.

 

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा नेशनल हाईवे प्रबंधन और पेट्रोलिंग व्यवस्था पर फूट पड़ा. लोगों का कहना है कि सड़क पर खराब वाहन खड़ा होने की स्थिति में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करना वाहन चालक और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है. यदि समय रहते बैरिकेडिंग की गई होती, चेतावनी संकेत लगाए गए होते और पेट्रोलिंग टीम ने सक्रियता दिखाई होती तो संभव है कि एक चालक की जान बचाई जा सकती थी.

 

ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर जीटी रोड पर यातायात सामान्य कराई गई. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही