Dhanbad News: निरसा थाना क्षेत्र के पोलकेरा घाट पर बालू लेने पहुंचे पश्चिम बंगाल के ट्रक चालक हसन मंडल की मारपीट के बाद मौत हो गई. मृतक की पहचान नदिया जिले के बागडांगा निवासी 48 वर्षीय हसन मंडल के रूप में हुई है. आरोप है कि चालान और पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने लाठी-डंडे और फावड़े से उसकी पिटाई कर दी.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, हसन मंडल बुधवार रात ट्रक लेकर पोलकेरा घाट पहुंचे थे. ट्रक के खलासी विश्वनाथ दास के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे चार-पांच लोग वहां पहुंचे और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. हमले में हसन गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल अवस्था में उन्होंने ट्रक को करीब आधा किलोमीटर दूर तक चलाया, लेकिन इसके बाद बेहोश हो गए.
खलासी ने घटना की जानकारी बालू स्टॉकिस्ट सिकंदर अंसारी को दी. इसके बाद घायल चालक को धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया. गुरुवार को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल ले जाने के दौरान रास्ते में हसन मंडल की मौत हो गई.
घटना के बाद शुक्रवार को मृतक के भाई, ट्रक के खलासी और ट्रक मालिक निरसा थाना पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में छानबीन की. आरोपितों के घरों पर भी पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन सभी फरार मिले. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

