Ranchi News: राजधानी रांची में फल लदे ट्रक के चालकों से चाकू के बल पर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को अरगोड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, नकद रुपये, चाकू और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के मुताबिक 20 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने दो फल लदे ट्रकों के चालकों को चाकू का भय दिखाकर लूटपाट की.
घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस गश्ती टीम सक्रिय हुई और आरोपियों का पीछा शुरू किया. पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने गश्ती में तैनात एसआई मुकेश कुमार उपाध्याय को धक्का मारकर गिरा दिया. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए पीछा जारी रखा और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार, किशोरगंज निवासी और अमन तिवारी, कांके निवासी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच की जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

