Saraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए. चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर भालुककोचा के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं.
जानकारी के अनुसार, महादेव महतो और प्रयागराज महतो मोटरसाइकिल से चांडिल के साप्ताहिक हाट बाजार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान भालुककोचा के पास तेज टक्कर लगने से दोनों बाइक से सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए.
इसे भी पढ़ें:
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को तत्काल चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. घायलों में प्रयागराज महतो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
बताया गया कि महादेव महतो चांडिल के रावताड़ा के रहने वाले हैं, जबकि प्रयागराज महतो मूल रूप से धनबाद के निवासी हैं. वह इन दिनों रावताड़ा में अपनी बुआ के घर आए हुए थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

