Ranchi News: शहर में बारिश के साथ ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खुलने लगी है. बरसात से पहले खुले नालों पर स्लैब लगाने और जलजमाव वाले स्थानों को चिह्नित करने के दावे किए गए थे, लेकिन बारिश शुरू होते ही जमीनी हकीकत सामने आने लगी है. देर रात बड़ा तालाब के सामने एक भारी ट्रक का पिछला पहिया खुले नाले में जा घुसा. हादसे के बाद ट्रक वहीं फंस गया. ट्रक को निकालने के काफी प्रयास किए गए, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है. इससे ट्रक के ड्राइवर और खलासी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
राहगीरों ने बताया कि खुले नाले के कारण यहां हमेशा बड़े वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. बारिश के दौरान नाला पानी से भर जाने पर सड़क और नाले के बीच का अंतर भी मालूम नहीं हो पाता है. ऐसे में भारी वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वालों के लिए भी खतरा हमेशा बना रहता है. लोगों ने बताया कि नगर निगम बरसात से पहले खुले नालों को ढंकने और खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए थे. समय रहते कार्रवाई नहीं होने से अब बारिश के दौरान दुर्घटनाएं आम बात हो गई है.
इसे भी पढ़ें -
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
शहर के अन्य इलाकों में भी खुले नाले और जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है. नगर निगम से खुले नालों को जल्द ढंकने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है. इससे पहले 23 सितंबर को हिंदपीढ़ी और कडरू सड़क के किनारे खुले नाले पर ओमनी घुस गया था, जिसमें ड्राइवर को गंभीर चोट पहुंची थी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

