Ranchi: झारखंड के अलग-अलग जिलों में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के नाम - विक्रम कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू और धनंजय कुमार सिंह है. गिरफ्तार दोनों साइबर अपराधी बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं. रांची पुलिस ने इनके पास से तीन एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद किया है.
गिरफ्तार दोनों अपराधियों को रांची पुलिस ने जेल भेज दिया है. गिरफ्तार अपराधी विक्रम कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू के ऊपर बिहार के नवादा जिला और झारखंड के आदित्यपुर थाना में एफआईआर दर्ज है. जबकि दूसरे साइबर अपराधी धनंजय कुमार सिंह के ऊपर रांची के जगन्नाथपुर थाना, कोडरमा थाना, बरियातू थाना, रातू थाना, चुटिया थाना और बिहार के कई अन्य थाना में इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है.
गिरफ्तार दोनों साइबर अपराधी रांची के अलग-अलग इलाकों में घूम कर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे. रांची पुलिस को जानकारी मिली थी कि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दो युवक रांची के विभिन्न थाना क्षेत्र में घूम कर साइबर आपराधिक वारदात को अंजाम दे रहे हैं. इस मामले की जांच करने के लिए एक टीम का गठन किया गया.
रांची पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की, जिस दौरान इन दोनों साइबर अपराधियों को बीआईटी मेसरा थाना अंतर्गत जुमार पुल के नजदीक से गिरफ्तार किया गया. इन दोनों से शुरुआती दौर में पूछताछ किया गया तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया. पुलिस ने गाड़ी के कागजात और एटीएम के बारे में पूछताछ की तो पुलिस को सही जवाब नहीं दे पाए. इसके बाद इन दोनों को थाना लाया गया और गहनता से पूछताछ करने के बाद पुलिस को बताया कि विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर साइबर अपराध के वारदात अंजाम दिया करते हैं. रांची पुलिस ने इन दोनों साइबर अपराधियों को जेल भेज दिया.


Leave a Comment