Jamtara News: जिले में सरकारी शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दो हाई स्कूलों को प्लस टू स्तर पर उत्क्रमित करने और दोनों विद्यालयों में पांच-पांच अतिरिक्त डिजिटल क्लासरूम उपलब्ध कराने की पहल की है. इससे विद्यार्थियों को कुल 10 आधुनिक डिजिटल क्लासरूम की सुविधा मिलेगी.
इसे भी पढ़ें:
इस पहल में सबनपुर हाई स्कूल और गोकुला हाई स्कूल शामिल हैं. मंत्री ने कहा कि गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर मिलना चाहिए. आर्थिक अभाव किसी बच्चे के सपनों में बाधा नहीं बने, यही उनकी प्राथमिकता है.
डॉ. अंसारी ने कहा, “केवल भाजपा के बच्चे ऑक्सफोर्ड में नहीं, हमारे गरीब बच्चे भी ऑक्सफोर्ड में पढ़ेंगे.” उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “पढ़ाई से बड़ी कोई ताकत नहीं. बच्चे कलम उठाओ, गमछा और तलवार नहीं.”
मंत्री ने बताया कि नारायणपुर में डिग्री कॉलेज, बगरुडीह में महिला डिग्री कॉलेज और जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज की पहल क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने सरकारी विद्यालयों को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों से भी बच्चे आईएएस और आईपीएस बनते हैं.
उन्होंने आने वाले दिनों में जामताड़ा में इंजीनियरिंग कॉलेज की दिशा में पहल करने और शिक्षा व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के इस्तेमाल की अपनी योजना भी साझा की. मंत्री के अनुसार, उद्देश्य यह है कि जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए बाहर जाने की मजबूरी कम हो और उन्हें स्थानीय स्तर पर आधुनिक सुविधाएं मिलें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

