Giridih News: पचंबा थाना क्षेत्र के खावा गांव में एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा किया है. पुलिस ने आरोपी वासुदेव मंडल (38) को जमुआ थाना क्षेत्र के करमाटांड़ से गिरफ्तार किया है.
मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि 23 नवंबर की सुबह करीब 4:35 बजे पुलिस को खावा गांव में एक महिला और पुरुष की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पचंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची.
इसे भी पढ़ें:
जांच के दौरान घर के बाहर दोनों के शव बरामद किए गए. मृतकों की पहचान शीला देवी और उनके ससुर सुकर मंडल के रूप में हुई. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगा टांगी समेत अन्य सामान भी बरामद किया है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष छापेमारी टीम का गठन किया. प्रारंभिक जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही वासुदेव मंडल पर संदेह गहराया. घटना के बाद से आरोपी फरार था.
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी शाखा की मदद से उसकी तलाश शुरू की. लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसे जमुआ थाना क्षेत्र के करमाटांड़ से गिरफ्तार कर लिया. एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया टांगी सहित अन्य सामान बरामद किया. उन्होंने बताया कि आरोपी और मृतक परिवार के बीच पहले से जान-पहचान थी. वासुदेव का परिवार में आना-जाना था.
दोनों पक्षों के सदस्य पूर्व में बाहर रहकर काम भी कर चुके थे. इसी दौरान उनके बीच परिचय हुआ था. प्रारंभिक जांच में आपसी पैसे के लेनदेन की बात भी सामने आई है. हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और इसमें कोई अन्य पहलू शामिल है या नहीं, पुलिस इसकी गहराई से जांच कर रही है.
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

