Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तालाब में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटा दड़िया गांव निवासी 40 वर्षीय लगौरा पेसरी तथा टोंटो थाना क्षेत्र के मौदा गांव निवासी 68 वर्षीय कुई तुबिड शामिल हैं. दोनों घटनाओं के बाद संबंधित परिवारों में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़ें:
बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटा दड़िया गांव निवासी लगौरा पेसरी नहाने के लिए गांव के तालाब में गया था. इसी दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. बाद में पुलिस को इसकी सूचना दी गई. पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया.परिजनों ने पुलिस को बताया कि लगौरा की मौत तालाब में नहाने के दौरान डूबने से हुई है.
वहीं, दूसरी घटना टोंटो थाना क्षेत्र के मौदा गांव की है. यहां 68 वर्षीय कुई तुबिद की भी तालाब में डूबने से मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, गांव में एक युवक की पुणे में मौत हो गई थी. उसका शव गांव लाया गया था. युवक के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद कुई तुबिड गांव के तालाब में स्नान करने गई थी. इसी दौरान वह तालाब के पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया.परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुई तुबिद की मौत तालाब में स्नान करने के दौरान डूबने से हुई है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए. एक ही दिन दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं से दोनों गांवों में शोक व्याप्त है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

