Search

गुमला में दो युवतियों से दुष्कर्म का आरोप, तीन गिरफ्तार

Gumla : झारखंड के गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. अलग-अलग थाना क्षेत्रों की रहने वाली दो युवतियों के साथ तीन युवकों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

 

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िताओं में से एक युवती की पहचान आरोपियों में शामिल एक युवक से पहले से थी. उसी ने घूमने के बहाने उसे गुमला बुलाया. युवती अपनी एक सहेली के साथ पहुंची, जबकि आरोपी भी अपने एक साथी को लेकर आया. इसके बाद दोनों युवक युवतियों को बाइक से सिसई क्षेत्र की ओर घुमाने के लिए ले गए.

 

आरोप है कि शाम ढलने के बाद आरोपियों ने सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया. इस दौरान एक युवती किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर पास के पुआल में छिप गई और अपने परिजनों को लोकेशन भेजकर घटना की जानकारी दी.

 

वहीं दूसरी युवती के साथ आरोपियों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप है. बाद में एक आरोपी ने अपने तीसरे साथी को भी बुला लिया, जिसके बाद तीनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया.

 

किसी तरह बचकर निकली पीड़िताओं ने रविवार देर रात थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.  फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp